लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषणा पत्र का सोमवार को पार्टी की राजस्थान इकाई ने स्वागत किया तो वहीं कांग्रेस ने इसकी आलोचना की। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी ने सोमवार को कहा कि पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र ‘संकल्प पत्र’ का आधार राष्ट्र सर्वप्रथम है। सैनी ने कहा, ‘‘हमारा यह संकल्प पत्र छह करोड़ लोगों की भागीदारी से बना है। यह संकल्प पत्र दूरदर्शी तथा व्यावहारिक है।’’ उल्लेखनीय है कि भाजपा ने अपना संकल्प पत्र नई दिल्ली में जारी किया है।
वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा का चुनावी घोषणा पत्र केवल और केवल (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी पर ही केंद्रित है। गहलोत ने ट्विटर पर कहा है कि जहां कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में देश की जनता और उनके मुद्दों को केंद्र में रखा वहीं भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में केवल मोदी को ही रेखांकित किया है। गहलोत ने कहा है, ‘‘उनका वादा केवल मोदी है। उनका दावा केवल मोदी के सत्ता में लौटने का है और उनका दृष्टिकोण केवल मोदी शासन को आगे भी बनाए रखना है। इसके अलावा इस घोषणा पत्र में सब काल्पनिक है।’’


Download Android App
Download iOS App



