भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा युवाओं व किसानों के मुद्दों को लेकर राज्य की गहलोत सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ेगी। पूनियां अलवर के महावर ऑडिटोरियम में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि किसानों और युवाओं से वादाखिलाफी करने वाली राज्य की गहलोत सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक युवाओं और किसानों के साथ भाजपा मजबूती से लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करने का वादा किया था लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ और ना ही सरकार युवाओं की भर्तियां पूरी कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘एक अच्छा संगठन सब सवालों का जवाब होता है, हम मजबूत संगठन से कोई भी जंग जीत लेंगे इसलिए अभी से राजस्थान में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए मजबूती से जुट जाएं।’’
पूनियां ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने शानदार कोरोना प्रबंधन किया और दो स्वदेशी टीके विकसित कर बड़े स्तर पर देशभर में टीकाकरण किया जा रहा है। केंद्र सरकार की उज्ज्वला, पीएम किसान सम्मान निधि, जनधन खाता, पीएम आवास योजना जैसी योजनाओं से देश के हर वर्ग को लाभ मिल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



