BSF ने संदिग्‍ध पाकिस्तानी घुसपैठिये को पकड़ा, किया पुलिस के हवाले

Summary :

सीमा सुरक्षा बल ने गडरारोड थाना क्षेत्र के अकली गांव से पकड़े गए संदिग्ध पाकिस्‍तानी घुसपैठिये को मंगलवार को पुलिस के हवाले कर दिया।

बाड़मेर : सीमा सुरक्षा बल ने गडरारोड थाना क्षेत्र के अकली गांव से पकड़े गए संदिग्ध पाकिस्‍तानी घुसपैठिये को मंगलवार को पुलिस के हवाले कर दिया। 
बल ने संदिग्ध घुसपैठिये को सोमवार को पकड़ा था। विभिन्न सुरक्षा एंजेसियां इस संदिग्ध पाकिस्‍तानी घुसपैठिये से संयुक्‍त रूप से पूछताछ करेंगी। 
अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक खींव सिंह भाटी ने बताया कि बीएसएफ ने मंगलवार शाम को संदिग्ध पाकिस्‍तानी घुसपैठिये को गडरारोड पुलिस को सौंप दिया। आवश्‍यक कार्रवाई करने के बाद उसे बुधवार को बाड़मेर लाया जाएगा, जहां विभिन्‍न सुरक्षा एंजेसियां उससे संयुक्‍त पूछताछ करेंगी। 
सीमा सुरक्षा बल बाड़मेर सेक्‍टर के उपमहानिरीक्षक गुरुपालसिंह ने बताया कि पकड़े गए संदिग्ध घुसपैठिए की पहचान पाकिस्तान के सांगड जिले के बोरानाडा निवासी भागचंद कोली के रूप में की गयी है। 
उन्होंने बताया कि संदिग्ध घुसपैठिए के पास से बीएसएफ ने 30 पाकिस्तानी रूपए भी बरामद किए हैं। 
पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के संबध में अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और संयुक्‍त पूछताछ के बाद तथ्‍यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Shera Rajput