CM गहलोत ने बढ़ती जनसंख्या को बताया बड़ी चुनौती, साथ ही कोरोना प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन की दी हिदायत

Summary :

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर लगातार बढ़ती जनसंख्या को पुरे विश्व के लिए बड़ी चुनौती बताया साथ ही उन्होंने कोरोना के प्रति लापरवाही बिल्कुल नहीं बरतने की जरुरत को लेकर भी ट्वीट किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर लगातार बढ़ती जनसंख्या को पुरे विश्व के लिए बड़ी चुनौती बताया इसके साथ ही उन्होंने वैश्विक महामारी कोरोना के प्रति लापरवाही बिल्कुल नहीं बरतने की जरुरत को लेकर भी अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया। मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि यदि हमने लापरवाही की तो भारत में भी दूसरे मुल्कों की तरह इसकी तीसरी लहर आ सकती है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि सीमित संसाधनों के कारण जनसंख्या के बढ़ते दबाव से बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति पूरे विश्व के लिए बड़ चुनौती है। गहलोत ने विश्व जनसंख्या दिवस पर आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर संसाधन सीमित हैं ऐसे में जनसंख्या के बढ़ते दबाव के कारण बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति पूरे विश्व के लिए बड़ चुनौती है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर बढ़ती जनसंख्या के खतरों के प्रति जागरूकता बेहद आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियों को गुणवत्तायुक्त जीवन जीने के बेहतर अवसर मिल सके।

इस मौके पर उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि जनसंख्या में लगातार वृद्धि होना किसी राष्ट्र के विकास के लिए एक बड़ समस्या है। राठौड़ ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर परिवार नियोजन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए बढ़ती जनसंख्या के दुष्परिणामों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना चाहिए। इसके साथ ही कोरोना महामारी को लेकर सीएम गहलोत ने कहा कि पुन: लॉकडाउन आदि कड़े कदम उठाने की नौबत ना आए, यह सभी के सहयोग से ही संभव हो सकेगा। 

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों में कोविड के मामले लगातार कम हुए हैं जिसके कारण कई रियायतें दी गई हैं। लेकिन याद रखें, कोरोना कम हुआ है लेकिन अभी गया नहीं है इसलिए लापरवाही बिल्कुल ना करें। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मास्क लगाएं, सोशल डिस्टैंसिंग रखें। बता दें कि राज्य में कोरोना के मामले कम होने के मद्देनजर राज्य सरकार ने शनिवार रात नई गाइड लाइन जारी कर त्रिस्तरीय जन-अनुशासन दिशा-निर्देश 4.0 के तहत रविवार को वीकेंड कर्फ्यू समाप्त कर दिया और विभिन्न गतिविधियों में अतिरिक्त छूट दी है।

Desk Team