राजस्थान में सामने आए सीडी कांड ने राज्य की सिसायत में गर्मी बढ़ा दी है। वीडियो सामने आते ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली। मामले को लेकर राज्य की सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस ने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जमकर हमला बोला है।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि 10 जून को सामने आए इस वीडियो में आरएसएस के नेता एक कंपनी के कर्मचारी के साथ 10 प्रतिशत रिश्वत लेने के लिए मोलभाव कर रहे हैं। वीडियो में रिकॉर्ड हुई बातचीत से साफ पता चलता है कि प्रकरण में कमीशन मांगा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के इस मामले में बीजेपी के जयपुर के निलंबित मेयर सौम्या गुर्जर के पति एवं बीजेपी नेता राजाराम भी शामिल है। मेयर सौम्या गुर्जर को भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप में ही पद से निलंबित किया गया था। पवन खेड़ ने कहा कि भ्रष्टाचार के इस तंत्र में आरएसएस के राजस्थान के प्रमुख निंबाराम भी शामिल है। वह पांच करोड़ रुपये के कमीशन में हुई डील की रकम का टुकड़े में भुगतान करने के लिए राजाराम को समझाने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सूचना मिली है कि वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने इस पूरे प्रकरण का स्वत: संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज कर दी है। उनका कहना था कि बीजेपी आरएसएस के भ्रष्टाचार की यह स्थिति उस राजस्थान की है जहां बीजेपी सत्ता में नहीं है। जहां बीजेपी सत्ता में होगी वहां भ्रष्टाचार किस कदर है, यह अनुमान इस कहानी से लगाया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



