अडानी ग्रुप विवाद मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन, जयपुर में LIC ऑफिस का घेराव करके, ‘कर रहे जांच की मांग’

Summary :

हिडंबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद पूरे देश में गर्मागर्मी का माहौल है संसद से लेकर देश की सड़क तक लोगों का धरना जारी है और इस बीच कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है

हिडंबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद पूरे देश में गर्मागर्मी का माहौल है संसद से लेकर देश की सड़क तक लोगों का धरना जारी है और इस बीच कांग्रेस केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है। सोमवार को इस मसले पर कांग्रेस ने देशभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जहां राजधानी जयपुर में अडानी समूह में एलआईसी और एसबीआई के निवेश के विरोध में प्रदेश कांग्रेस ने हल्ला बोल किया जहां जयपुर में कैबिनेट मंत्री और जयपुर शहर कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में अंबेडकर सर्किल स्थित एलआईसी कार्यालय के बाहर करीब 1 घंटे तक धरना देकर निष्पक्ष जांच की मांग की। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए।
जानकारी के मुताबिक धरने में जलदाय मंत्री महेश जोशी, विधायक अमीन कागजी, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, जयपुर हेरिटेज की मेयर मुनेश गुर्जर, समाज कल्याण बोर्ड की चेयरमैन अर्चना शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस संसद की ज्वाइंट कमेटी बनाने की कर रहे मांग  
वहीं धरने पर बैठने के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि एलआईसी और एसबीआई ने अपने करोड़ों निवेशक धारकों की गाढ़ी कमाई का पैसा जोखिम डालकर अदानी समूह में निवेश किया है और निवेश के दौरान सारे नियम कायदों की धज्जियां उड़ाई गई।
खाचरियावास ने कहा कि एक विदेशी कंपनी ने भ्रष्टाचार का खुलासा किया है तो अब इस मामले में केंद्र सरकार अडानी समूह पर कोई कार्रवाई किए बिना उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है। मंत्री ने इस मुद्दे पर संसद में चर्चा करवाने की मांग की है। 
अडानी को बताया मोदी का दोस्त 
वहीं मंत्री महेश जोशी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पिछले 7 साल से केवल अपने मित्र उद्योगपतियों को सारे नियम कायदों को किनारे रखकर लगातार फायदा पहुंचाया है। जोशी ने कहा कि सरकार ने इन्हीं उद्योगपतियों को सारे बड़े टेंडर दिए। उन्होंने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी लगातार अडानी को लेकर बोलते रहे हैं। 
इधर अलवर में धरने पर बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह सरकार अडानी और अंबानी की है और इन दोनों कंपनियों से मोदी सरकार की पार्टनरशिप है। सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पूरे मसले पर खामोशी साधे हुए हैं और देशभर में कांग्रेस की तरफ से विरोध-प्रदर्शन और धरनों का सिलसिला जारी है।

Desk Team