राजस्थान की गहलोत सरकार पर मंडरा रहे खतरे के बादल अब छंट गए है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज सौ से अधिक विधायकों के दावे के साथ मीडिया के सामने अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। इस दौरान मौजूद मुख्यमंत्री गहलोत ने रणदीप सिंह सुरजेवाला और अजय माकन के साथ विक्ट्री साइन दिखाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट द्वारा अपनाए गए बगावती तेवर के बाद से राजस्थान सरकार पर उठा संकट अब थम गया है। गहलोत के इस शक्ति प्रदर्शन के बाद सचिन पायलट के 25 से अधिक विधायक होने का दावा कहीं न कहीं कमजोर पड़ता दिख रहा है। हालांकि सभी तक सचिन पायलट की ओर से इसपर कोई बयान सामने नहीं आया है।

कांग्रेस पार्टी ने 109 विधायकों के बैठक में मौजूद होने का दावा किया है, हालांकि सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के करीब 17 विधायक बैठक से गायब रहे, जिनके सचिन पायलट के साथ होने की बात कही जा रही है। विधायक दल की बैठक से पहले कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा,’कांग्रेस की सरकार राजस्थान में स्थिर है, कांग्रेस की सरकार को पूर्ण बहुमत है। कांग्रेस की सरकार पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी।’
सुरजेवाला ने कहा,’ बीजेपी कितने भी षडयंत्र करे, मोदी सरकार कितने भी प्रपंच रचे, बीजेपी कितने भी हथकंडे अपनाए, ईडी, सीबीआई और आईटी कितनी भी छापेमारी करे वे चुनी हुई सरकार को नहीं गिरा पायेंगे क्योंकि यही राजस्थान की जनता का जनमत है। ‘
सचिन पायलट के बगावती तेवरों की ओर इशारा करते हुए सुरजेवाला ने कहा,’ कभी कभी वैचारिक मतभेद उत्पन्न हो जाता है जो प्रजातांत्रिक प्रणाली में स्वाभाविक है परन्तु वैचारिक मतभेद पैदा होने से चुनी हुई अपनी ही पार्टी की सरकार को कमजोर करना या बीजेपी को खरीद फरोख्त का मौका देना अनुचित है, गैर वाजिब है।’


Download Android App
Download iOS App



