राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने स्वतंत्रता दिवस पर हर साल होने वाले ‘एट होम’ कार्यक्रम रद्द कर दिया है। राज्य में कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए राज्यपाल द्वारा यह निर्णय लिया गया है। राजभवन की ओर से बुधवार को इसकी जानकारी दी गई है।
पारंपरिक ‘एट होम’ कार्यक्रम हर साल स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त की शाम को राजभवन में होता है। राजभवन के बयान के अनुसार राज्यपाल ने कहा है कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राज्य में फैलती कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस पर होने वाला ‘एट होम’ इस बार नहीं होगा।
राज्यपाल ने कहा कि 13 मार्च को विधान सभा सदन की कार्यवाही स्थगित की गई थी तब राज्य में कोविड-19 रोगियों की संख्या दो थी। उस वक्त कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव को दृष्टिगत रखते हुए राजस्थान विधान सभा के सत्र को स्थगित किया गया था।
राज्यपाल ने कहा है कि एक जुलाई को राज्य में इलाज करवा रहे रोगियों की संख्या 3381 थी जो 28 जुलाई को बढ़कर दस हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण का निरन्तर बढ़ना गहरी चिंता का विषय है और इसकी रोकथाम के लिए गंभीर प्रयास करने होंगे, तब ही इस वैश्विक महामारी के संकट से राज्य को बचाया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



