राजस्थान में महिलाओं को गंतव्य तक नि:शुल्क एवं सुरक्षित पहुंचाने के लिए ‘ वसुंधरा सखी महिला वाहन ‘ की शुरूआत की गयी है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज टोंक नगर परिषद द्वारा शुरू की गयी इस नई पहल वसुंधरा सखी महिला ई रिक्शा वाहन को हरी झंड़ी दिखाई।
टोंक नगर परिषद की सभापति श्रीमती लक्ष्मी जैन के आग्रह पर मुख्यमंत्री स्वयं इसकी पहली सपवारी बनी। उन्होंने महिलाओं को निशुल्क और सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की इस अभिनव पहल के लिए टोंक नगर परिषद, सभापति की सराहना की और कहा कि अन्य निकायों को भी इस तरह के नवाचार अपनाने चाहिए, जिसका फायदा लोगों को मिले।
इन ई-रिक्शा में केन्द्र और राज्य सरकार की प्रमुख फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी भी फ्लैक्स तथा एलसीडी पर डिस्प्ले होगी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए इनमें सीसीटीवी और जीपीएस लगाए गए हैं। इसके अलावा वसुन्धरा सखी हैल्पलाइन, पुलिस कंट्रोल रूम तथा महिला हैल्पलाइन के टेलिफोन नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं।
टोंक नगर परिषद सभापति ने बताया कि प्रथम चरण में फिलहाल तीन ई-रिक्शा वसुन्धरा सखी महिला वाहन के रूप में तैयार किए गए हैं। इन वाहनों को प्रमुख रूप से उन स्थानों पर रखा जाएगा जहां महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है। प्रसूताओं आदि की मदद के लिए एक वाहन को जिला अस्पताल के बाहर खड़ा रखा जाएगा।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती सुमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में टोंक से आई महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।


Download Android App
Download iOS App



