राजस्थान के बहरोड़ कस्बे में एक अपराधी पर कुछ लोगों ने उस समय गोलियां चला दीं जब पुलिस उसे स्वास्थ्य जांच के लिए लेकर पहुंची थी। पुलिस ने बताया कि हमले में अपराधी को तो गोली नहीं लगी लेकिन वहां बैठी दो महिलाओं के पैर में गोली लगी और दोनों महिलाओं की हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।
दो महिलाओं के पैर में लगी गोली
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस का एक दल बहरोड़ के अपराधी विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन को स्वास्थ्य जांच के लिए बृहस्पतिवार सुबह सरकारी अस्पताल पहुंचा था, तभी वहां तीन लोगों ने गोलियां चला दीं। अधिकारी ने कहा, ‘‘अपराधी विक्रम को तो गोली नहीं लगी लेकिन वहां इलाज के लिए आईं दो महिलाओं के पैर में गोली लग गई। महिलाओं की हालत खतरे से बाहर बतायी गई है।’’
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
अधिकारी के अनुसार विक्रम के प्रतिद्वंद्वी गिरोह के लोगों ने यह गोलीबारी करवाई। उन्होंने बताया कि एक हमलावर को पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही हथियार के साथ धर दबोचा। अधिकारी ने कहा कि बाकी दोनों हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए नाकेबंदी की गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उल्लेखनीय है कि विक्रम को हाल ही में जयपुर पुलिस ने पकड़ा था और उसे उसके खिलाफ बहरोड़ में दर्ज मामलों के संबंध में जांच के लिए लाया गया था।


Download Android App
Download iOS App



