पंजाब के बाद राजस्थान कांग्रेस में हलचल, CM गहलोत के OSD लोकेश शर्मा ने दिया इस्तीफा

Summary :

लोकेश शर्मा ने कहा कि उनके ट्वीट को राजनीतक रंग दिया जा रहा है। इसे पंजाब की सियासत से जोड़ा जा रहा है, यह गलत है। इसलिए वे अपना इस्तीफा दे रहे हैं।

पंजाब में कल हुए हुए सियासी घटनाक्रम के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे उन्होंने अपना इस्तीफा सीएम गहलोत को भेजा।  लोकेश शर्मा ने हाल ही में एक ट्वीट किया था, जिससे प्रदेश कांग्रेस में हलचल शुरू हो गई है।
इस्तीफा देने के पहले ही ओएसडी लोकेश शर्मा ने अपने ट्वीट में लिखा था, ”मजबूत को मजबूर, मामूली को मगरूर किया जाए, बाड़ ही खेत को खाए, उस फसल को कौन बचाए।” वहीं ट्वीट पर सफाई देते हुए लोकेश शर्मा ने कहा कि उनके ट्वीट को राजनीतक रंग दिया जा रहा है। इसे पंजाब की सियासत से जोड़ा जा रहा है, यह गलत है। इसलिए वे अपना इस्तीफा दे रहे हैं। 


लोकेश शर्मा ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि मैं 2010 से ट्विटर पर सक्रिय हूं। आज तक पार्टी लाइन से अलग कोई भी ऐसे शब्द नहीं लिखे जिन्हें गलत कहा जा सके। मैंने अपनी मर्यादाओं का ध्यान रखते हुए कोई भी राजनैतिक ट्वीट नहीं किया है। फिर भी आपको लगता है मेरे द्वारा जान-बूझकर कोई गलती की गई है तो मैं इस्तीफा भेज रहा हूं, निर्णय आपको करना है। 

लोकेश शर्मा के ट्वीट को कांग्रेस आलाकमान के लिए तंज कसने वाला माना गया। वहीं इसे पंजाब की सियासत में हुए उलटफेर से भी जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब की तरह राजस्थान कांग्रेस में भी कलह का दौर जारी है। राजस्थान की कलह किसी से छुपी नहीं है। 2018 विधानसभा चुनाव के बाद से अशोक गहलोत व सचिन पायलट खेमों के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है।

Desk Team