राजस्थान में राजनीतिक उठापटक के पीछे भाजपा की चाल के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोप पर पलटवार करते हुए भगवा दल ने राज्य के इस राजनीतिक संकट के लिए कांग्रेस की कमजोरी को जिम्मेवार बताया और कहा कि इसके लिए किसी और पर ठीकरा नहीं फोड़ा जाना चाहिए। राजस्थान से ताल्लुक रखने वाले भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कहा, अशोक गहलोत जी, आंख बंद करने से सूर्य का लोप नहीं होता, आपके घर का ढांचा कमजोर है और आप भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर इसका आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा के एक अन्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पार्टी के प्रवक्ता वैजयंत जय पांडा ने ट्वीट कर कहा, ‘‘उड्डयन क्षेत्र में हर पायलट प्रत्येक उड़ान से पहले एक वैकल्पिक हवाई अड्डा या हवाई पट्टी पर मौसम की खराबी या किसी तकनीकी खराबी जैसी स्थिति में विमान उतारने की योजना तैयार रखता है। हर अनुभवी पायलट यह जानता है।’’
बागी कांग्रेस नेता सचिन पायलट से भाजपा की कोई बातचीत चल रही है, इस बारे में भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पायलट ने भगवा पार्टी के कुछ नेताओं से बात की है। पायलट के करीबी नेताओं ने हालांकि अभी तक इसी बात पर जोर दिया है कि वह भाजपा में शामिल नहीं होंगे।
सूत्रों का कहना है कि भाजपा इस बात पर करीब से नजर रखे हुए है कि कांग्रेस के कितने विधायक गहलोत के समर्थन में हैं और कितने पायलट के। कांग्रेस ने पायलट को उपमुख्यमंत्री के पद से मंगलवार को हटा दिया। साथ ही राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से भी उनकी विदाई कर दी गई। गहलोत ने इससे पहले आरोप लगाया था कि भाजपा ने जो मध्य प्रदेश में किया उसे राजस्थान में दोहराना चाह रही थी, हालांकि उसकी यह चाल कामयाब नहीं हो सकी।
ज्ञात हो कि मार्च में मध्य प्रदेश में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बागी तेवर अपनाते हुए भाजपा का दामन थाम लिया था और कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार की सत्ता से विदाई हो गई थी। गहलोत ने यह आरोप भी लगाया कि पायलट भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सचिन पायलट के हाथ में कुछ भी नहीं है। वे भाजपा के हाथों में खेल रहे हैं।’’ उन्होंने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त की कोशिश का भी आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



