राजस्थान के भरतपुर जिले में सड़क किनारे योग कर रहे छह लोगों को कुचलने वाले कार चालक को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। कुम्हेर के थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया कि अलवर के खेडली थाना क्षेत्र निवासी कार चालक परराम मीणा (30) को शुक्रवार सुबह अलवर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ और जांच से पता चला संभवत झपकी लगने से उसने सड़क किनारे योग कर रहे छह लोगो को कुचल दिया जिससे सभी की मौत हो गई। उल्लेखनीय है कि कुम्हेर-धनवाडा राजमार्ग पर एक तेज गति की अनियंत्रित कार ने बृहस्पतिवार की सुबह सड़क किनारे योग कर रहे रघुबर बघेल (62), प्रेमसिंह बघेल (55), निरोतीलाल सैनी (65), मक्खनलाल खटीक (60), हरिशंकर तम्बोली (65) व रामेश्वर बघेल (45) को कुचल दिया था। इन सभी छहों की मौत हो गई थी।
भरतपुर ग्रामीण के उपाधीक्षक परमाल सिंह गुर्जर ने बताया कि घटनास्थल से मिले कार के बम्पर पर लिखे बार कोड के आधार पर कार को अलवर से जब्त कर भरतपुर के कुम्हेर थाना लाया गया है। उन्होंने बताया कि कार भरतपुर के चक धनवाडा निवासी रमेश मीणा की पुत्री के विवाह में देने के लिये अलवर से खरीदी गई थी।
कार चालक के विरूद्व भारतीय दंड संहिता की धारा 279,304 :ए: के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कार चालक दुल्हन का मामा है शुक्रवार सुबह पर्यटन और देवस्थान विभाग के मंत्री विश्वेन्द्र सिंह ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।


Download Android App
Download iOS App



