भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान से कई मंत्रियों एवं नेताओं को अगले महीने होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार में उतारेगी। ये मंत्री एवं नेता गुजरात के सत्रह विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। हालांकि इससे पहले चुनाव की हलचल होने के साथ ही गृहमंत्री गुलाब चन्द कटारिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरुण चतुर्वेदी, चिकित्सा मंत्री कालीचरण सराफ, पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री किरण माहेश्वरी और शहरी विकास मंत्री श्रीचंद कृपलानी गुजरात के दौरे कर चुके हैं।
अब इन मंत्रियों के दौरे फिर तय किए जाएंगे। इसके अलावा केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों में सी आर चौधरी, अर्जुनराम मेघवाल और गजेंद्र सिंह शेखावत भी दौरे कर रहे हैं। राजस्थान के पड़ोसी राज्य गुजरात के साथ यहां के हजारों लोग पारिवारिक और व्यापारिक सम्बन्धों से जुड़े हुए हैं। यहां तक कि सीमा से सटे जिलों के लोग तो बेहतर इलाज के लिए गुजरात को ही चुनते हैं।
भाजपा इन्हीं सम्बन्धों के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को चुनावी अखाड़े में उतारेगी। ये कार्यकर्ता और नेता वहां सभाओं एवं भाषणों की बजाय विभिन्न समाजों और संगठनों के लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। भाजपा की ओर से प्रचार के लिए राजस्थान से टीमें भेजकर वहां तीन चरणों में चुनावी चौसर बिछाने की रणनीति बनाई गई है।
पहले चरण के तहत बड़ी संख्या में राजस्थान से गए विस्तारक बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से सम्पर्क करने में लगे हुए हैं। उनको ‘हर बूथ पर पूरा मजबूत’ करने का लक्ष्य दिया गया है। दूसरे चरण में पार्टी के ऐसे रणनीतिकारों को भेजा जाएगा जो अपने इलाकों में पूरा विधानसभा चुनाव जिताने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। ऐसे मजबूत चुनाव प्रबंधकों के नाम की सूची तैयार कर ली गई है।
तीसरे चरण में प्रदेश के आधा दर्जन मंत्रियों एवं विभिन्न समाजों के दिग्गज नेताओं को उतारा जाएगा। इसमें यह ध्यान रखा गया है कि इन सत्रह विधानसभाओं में रहने वाली प्रमुख जातियों के समाजों के नेताओं को प्रचार के लिए भेजा जाए। इनकी भी सूचियां बना ली गई है। अगले सप्ताह से इन लोगों को अलग-अलग टीमों के साथ रवाना कर दिया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



