राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता और महासचिव अजय माकन भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को अपनी कोविड परीक्षण करवाया था जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अजय माकन के कार्यालय ने मीडिया को बताया कि पिछले दो दिन से तबीयत खराब होने के बाद उन्होंने दिल्ली में अपना कोविड टेस्ट करवाया, जिसमें शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद वह डॉक्टर की निगरानी में आइसोलेशन में रह रहे हैं। अजय माकन कांग्रेस पार्टी के राजस्थान प्रभारी और पंजाब स्क्रिनिंग कमेटी के अध्यक्ष हैं।
कल सोनिया गांधी के साथ होनी है बैठक
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में शनिवार को पंजाब केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है। उम्मीद लगाई जा रही है कि इस बैठक में अजय माकन अब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लेंगे। इसके बाद पार्टी पंजाब विधानसभा को लेकर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। इससे पहले कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मंगलवार को कोविड ग्रस्त हो गए थे। उन्होंने ट्वीट कर के ये जानकारी थी। कांग्रेस नेता और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कोविड-19 के संदेह के चलते सोमवार को ही खुद को अलग (आइसोलेट) कर लिया था। दरअसल प्रियंका गांधी ने अपने में एक सदस्य और उनके एक कर्मचारी के रविवार को कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद ये कदम उठाया है। हालांकि जानकारी के अनुसार प्रियंका गांधी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
देश में तेजी से बढ़ रहे हैं कोरोना के मरीज
देश में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ओमिक्रॉन के मामले भी दिन पर दिन बढ़ रहे हैं। देश में पिछले 24 घंटे में 1,17,100 नए मामले सामने आए हैं। पिछले एक हफ्ते में औसत दैनिक केसों में 485 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार की सुबह तक देश में ओमिक्रॉन के 377 नए मामले सामने आए हैं, जिनसे कि इस नए वेरिएंट के केसों का आंकड़ा बढ़कर 3,007 हो गया है। केवल दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 15,097 नए मामले सामने आए जोकि पिछले साल आठ मई के बाद एक दिन में सर्वाधिक मामले हैं।


Download Android App
Download iOS App



