राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर काफी समय से सियासी अटकलबाजी जारी थी, लेकिन अब मतगणना के बाद साफ हो जाएगा कि प्रदेश की सत्ता में विराजमान कांग्रेस और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कितना चुनावी दमखम है। राजस्थान के छह जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान की गणना शनिवार सुबह शुरू हुई जहां सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने पंचायत समिति सदस्यों की 1564 सीटों में 231 व विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 185 सीटें जीती हैं।
सम्बद्ध जिला मुख्यालयों पर मतगणना सुबह नौ बजे शुरू हुई और अभी जारी है। राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने जोधपुर में जिला परिषद सदस्य की एक सीट भी जीती है। एक बजे तक की मतगणना के अनुसार, छह जिलों में 78 पंचायत समितियों में सदस्यों की 1564 सीटों पर कांग्रेस ने 231, भाजपा ने 185, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 16, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने तीन सीटें जीतीं।
वहीं 111 सीटों पर निर्दलीय विजयी रहे। जिला परिषद सदस्यों की कुल 200 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिनमें जोधपुर में कांग्रेस का एक प्रत्याशी जीता है। राज्य के छह जिलों के 200 जिला परिषद सदस्य, 1564 पंचायत समिति सदस्य, 6 जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख एवं 78 प्रधान, उप प्रधानों के लिए तीन चरणों में मतदान हुए हैं। इनमें से एक जिला परिषद सदस्य और 26 पंचायती समिति सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं। इस तरह 199 जिला परिषद और 1537 पंचायती समिति सदस्यों के परिणाम शनिवार को जारी किए जाने हैं।


Download Android App
Download iOS App



