राजस्थान में चुनाव हो और राजनीति में उछाल न आए, ऐसा कैसे हो सकता है। दो सीटों के लिए उपचुनाव को पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। राजस्थान की धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुक्रवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरू हो गई।
आपको बता दें कि इन दोनों सीटों पर मतदान 30 अक्तूबर को होगा। राज्य के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुणाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव के लिए अधिसूचना शुक्रवार को जारी कर दी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई।
2 नवंबर को होगी मतगणना:
अधिसूचना के अनुसार राज्य में प्रतापगढ़ जिले की धरियावद और उदयपुर जिले की बल्लभनगर विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव को लेकर आठ अक्तूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच व संवीक्षा होगी तथा 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना दो नवंबर को होगी।
अभी नहीं हुई उम्मीदवारों की घोषणा:
कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व किसी अन्य प्रमुख राजनीतिक दल ने इन सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा अभी नहीं की है। उल्लेखनीय है कि धरियावद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा का 19 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया था। वहीं, वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का भी 20 जनवरी को कोविड-19 से निधन हो गया।
राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 106 विधायक हैं जबकि भाजपा के 71, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन और माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो-दो विधायक हैं। वहीं, 13 निर्दलीय विधायक हैं। दो सीटें रिक्त हैं।


Download Android App
Download iOS App



