राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनिया ने राज्य सरकार से मांग की है कि सीमांत जैसलमेर सहित कुछ जिलों में आए विनाशकारी तूफान से किसानों की फसल को हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर उन्हें मुआवजा दिया जाना चाहिए। पूनिया ने आज इसके लिए राज्य सरकार से आग्रह करते हुए कहा कि जैसलमेर सहित पश्चिम राजस्थान के कुछ जिलों में आए विनाशकारी रेतीले तूफान से किसान भाइयों की फसलों और वहां के रहवासियों को जो नुकसान हुआ है, उसकी शीघ्रातिशीघ्र सर्वे करवाकर मुआवजे के रूप में भरपाई कराई जानी चाहिए।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने भी मांग करते हुए कहा कि नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता दी जानी चाहिए। राजेंद्र राठौड़ ने कहा ‘‘आंधी के कहर से खड़ी एवं काटकर रखी गई फसलें चौपट होने से किसानों के मुंह आया निवाला छीन गया है। मेरी राज्य सरकार से मांग है कि तूफानी आंधी की वजह नष्ट हुई फसलों के भारी नुकसान का तत्काल रूप से सर्वे करवाकर प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करें।’’
उन्होंने कहा कि जैसलमेर सहित राज्य के कई जिलों में तेज आंधी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 3 हजार से अधिक पेड़ धराशायी हो गए हैं और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है। सबसे ज्यादा किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। बता दें कि रविवार एवं सोमवार रात में जैसलमेर सहित कुछ जिलों में भयानक तूफान और ओलावृष्टि से जहां हजारों पेड़ एवं कई बिजली के खंभे गिर गये वहीं किसानों की फसल को बड़ा नुकसान पहुंचा हैं।


Download Android App
Download iOS App



