राजस्थान के उदयपुर में रविवार की दरम्यानी रात ओडा ब्रिज पर रेलवे ट्रैक को उड़ाने की साजिश की गई। ब्लास्ट के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे को तुरंत घटना की जानकारी दी, जिसके कारण कोई भी बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि रेलवे ट्रैक में क्रैक आया है। घटना के बाद सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की टीम मौके पर पहुंची है।
वहीं एटीएस की टीम ने नार्थ वेस्ट रेलवे को साइट क्लीयरेंस दिए जाने के बाद ट्रैक को फिट घोषित कर दिया। इसके तुरंत बाद ट्रैक से एक मालगाड़ी को रवाना भी किया गया। बता दें कि यह वही रेलवे ट्रैक है जिसका 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद में उद्घाटन किया था।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि उदयपुर के जावर थाना क्षेत्र के तहत केवड़ा की नाल के पास स्थानीय लोगों ने पटरियों पर जोरदार धमाका सुना और रविवार सुबह पुलिस को इसकी सूचना दी। रेलवे ट्रैक पर बलास्ट की खबर से रेलवे महकमे में हलचल मच गई।
रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट करने के लिए सुपर पावर 90 कैटेगरी के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था। सुपर पावर 90 पैकेज्ड इमल्शन विस्फोटक है, जो एक मजबूत, हाई स्ट्रेंथ और खतरनाक डेटोनेटर माना जाता है। वहीं जांच टीमें भी विस्फोटक की जानकारी जुटा रही हैं।
ट्रेन के आने से पहले हुआ ब्लास्ट
असरवा-उदयपुर एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने से कुछ घंटे पहले यहां रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि घटना के कारण ट्रेन को डूंगरपुर में रोक दिया गया। ब्लास्ट उदयपुर के जवार माइंस थाना क्षेत्र के केवड़ा की नाल के पास हुआ।


Download Android App
Download iOS App



