राजस्थान के बाड़मेर से गैंगरेप की शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां चार युवकों द्वारा एक विवाहिता का उसके पति के सामने बलात्कार किया गया। घटना उस वक़्त घटित हुई जब पीड़िता अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से घर के लिए लौट रही थी। मामले के चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना सिणधरी पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार को तब हुई जब पीड़िता अपने पति के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रही थी। कार में सवार आरोपियों ने उन्हें रास्ते में रोका और फिर उनके साथ मारपीट कर सुनसान जगह पर ले गए। जहां आरोपियों ने महिला से बारी-बारी दुष्कर्म किया।
मामले पर उप अधीक्षक शुभकरण ने बताया कि मंगलवार को पति और पत्नी बाइक पर बैठकर बालोतरा से बाड़मेर आ रहे थे। इसी दौरान टोल नाके निकलने के बाद एक इको गाड़ी में सवार चार बदमाशों ने बाइक को रुकवाया। पहले पत्नी के सामने पति से मारपीट की और उसके बाद दोनों को इको गाड़ी में डालकर सुनसान जगह पर ले जाया गया।
जहां पर पति के सामने ही आरोपियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। फिर दोनों को टोल प्लाजा के आगे छोड़ दिया। ग्रामीणों ने गंभीर हालत में इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया और मामले की जानकारी पुलिस को दी। आरोपियों की पहचान चूनाराम, बाबूलाल, नरेश व किशन के रूप में हुई है। आरोपी 18-22 की उम्र के हैं और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



