Kanjak Special Kala Chana Recipe: इस समय चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है। आज सप्तमी पूजन है, जिसके बाद अष्टमी और नवमी के दिन कन्या पूजन (कंजक) का विशेष महत्व है। मां दुर्गा के भोग के लिए तैयार होने वाली थाली में सूखे काले चने सबसे अहम हिस्सा होते हैं। यह रेसिपी न केवल सात्विक होती है, बल्कि बिना प्याज-लहसुन के भी इतनी स्वादिष्ट बनती है कि बच्चे इसे बड़े चाव से खाते हैं। यहां कंजक स्पेशल चटपटे काले चने बनाने की आसान विधि दी गई है।
काले चने बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप रात भर भीगे हुए काले चने
- 2 बड़े चम्मच घी या तेल
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 2-3 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
- 1 इंच का टुकड़ा कद्दूकस किया हुआ अदरक
- एक चुटकी हींग
- 2 छोटे चम्मच धनिया पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार सेंधा नमक
- बारीक कटा हुआ हरा धनिया
Kanjak Special Kala Chana Recipe: काले चने बनाने की विधि
काले चने बनाने के लिए सबसे पहले रात भर भीगे हुए चनों को साफ पानी से धो लें। अब कुकर में चने, थोड़ा सा नमक और लगभग 2 कप पानी डालकर इसे 4 से 5 सीटी आने तक उबालें। उबालने के बाद चने का एक्सट्रा पानी एक कटोरी में अलग निकाल लें।
अब एक छोटी कटोरी में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च, अमचूर और गरम मसाला लें। इसमें 2 से 3 चम्मच चने का उबला हुआ पानी मिलाएं और एक गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। एक कढ़ाई में घी गरम करें। जीरा और हींग डालें। जब जीरा चटकने लगे, तब कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालकर इन्हें हल्का भून लें।अब तैयार किया हुआ मसालों का पेस्ट कढ़ाई में डालें। इसे तब तक चलाएं जब तक मसाला घी न छोड़ने लगे।
तैयार मसाले में उबले हुए चने डालें। अगर चने ज्यादा सूखे लग रहे हों, तो 2 से 4 चम्मच पानी ऊपर से डाल दें। इसे धीमी आंच पर 4 से 5 मिनट तक ढककर पकाएं। जब पानी पूरी तरह सूख जाए और चनों पर मसाले अच्छे से लिपट जाएं, तब गैस बंद कर दें। ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालकर सजाएं और गर्मा-गर्म पूरियों और सूजी के हलवा के साथ परोसें।






















