नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत को विश्व कप में पाकिस्तान के साथ नहीं खेलना चाहिए चाहे जितना भी नुकसान हो। गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब सीआरपीएफ जवानों पर पुलवामा में आतंकी हमले के बाद पूरे देशभर में पाकिस्तान के साथ विश्व कप में मैच नहीं खेलने की मांग उठ रही है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी विश्व कप में पाकिस्तान के साथ खेलने का फैसला केंद्र सरकार पर छोड़ रखा है। नई दिल्ली में चौथे इंडिया-एशियन एक्सपो और समिट को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया में व्यवसाय और कारोबार के फलने-फूलने के लिए शांति और सुरक्षा का माहौल बहुत जरूरी है।
राजनाथ सिंह ने कहा, ‘इस सम्मेलन में इस तथ्य को माना जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई देश अपनी धरती का उपयोग आतंकवाद के लिए नहीं करने देगा। उन्होंने आसियान और अन्य देशों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग देने की अपील की।
पुलवामा आतंकी हमले को ‘निहायत कायराना’ हरकत बताते हुए गृह मंत्री ने आतंकवाद से लड़ने की पूरी क्षमता को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि सूचना के आदान-प्रदान, जांच एजेंसियों में परस्पर तालमेल, मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकी फंडिंग के खिलाफ कार्रवाई से हिंसक उग्रवाद और कट्टरता को रोका जा सकता है.


Download Android App
Download iOS App



