वडोदरा, 27 जनवरी (आईएएनएस)। महिला प्रीमियर लीग का 2026 का 17वां मुकाबला वडोदरा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी की अर्धशतकीय पारी के दम पर गुजरात जायंट्स ने 9 विकेट पर 174 रन बनाए।
पारी की शुरुआत करने उतरी बेथ मूनी ने 46 गेंद पर 7 चौकों की मदद से 58 रन की पारी खेली। मूनी ने अंशुका शर्मा 39 रन के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी की। अंशुका ने 25 गेंद पर 8 चौकों की मदद से 39 रन बनाए। इन दोनों के अलावा गुजरात जायंट्स का कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर टिककर नहीं खेल सका। किसी एक बल्लेबाज ने भी क्रीज पर रूकने का हौसला दिखाया होता, तो स्कोर 200 के करीब हो सकता था। नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरी तनुजा कंवर ने 11 गेंद पर 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 21 रन बनाकर को गुजरात को 174 तक पहुंचाया और एक लड़ने लायक स्कोर दिया।
दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से एन चरणी सबसे प्रभावशाली गेंदबाजी रहीं। बाएं हाथ की इस स्पिनर ने 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट लिए। इसके अलावा चिनले हेनरी को 2 विकेट मिला। मारिजेन कैप, नंदनी शर्मा और मिन्नु मनी को 1-1 विकेट मिला।
दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स दोनों ने ही अपने पिछले 6 मैचों में 3-3 जीत हासिल की है। दोनों टीमों के लिए यह मैच बेहद अहम है। जीतने वाली टीम अंकतालिका में दूसरे स्थान पर चली जाएगी। इसलिए इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है।
–आईएएनएस
पीएके
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



