नई दिल्ली : वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी विवियन रिचर्ड्स ने ऑस्ट्रेलिया में पहली बार टेस्ट श्रृंखला जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को ‘शानदार’ करार दिया। भारतीय टीम ने चार मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। बारिश के कारण सिडनी टेस्ट सोमवार को ड्रा पर समाप्त हुआ।
दोनो देशों के क्रिकेट के 71 साल के इतिहास में भारत ने पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट श्रृंखला में जीत दर्ज की। विवियन रिचर्ड्स ने वीडियो संदेश में कहा कि मुझे इस अवसर पर विराट और उनकी टीम को ऑस्ट्रेलिया में इस तरह के शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई देनी चाहिए। यह हमेशा मुश्किल होता है लेकिन आप विजेता बनकर निकले।
वेस्टइंडीज के 66 साल के इस खिलाड़ी ने मैन ऑफ द सीरीज बने चेतेश्वर पुजारा की भी तारीफ की। पुजारा ने श्रृंखला में तीन शतक और 74 की औसत से 521 रन बनाये। उन्होंने कहा कि पुजारा ने शानदार बल्लेबाजी की। मुझे वह खरा सोना लगा। सबने शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम और मेरे दोस्त रवि शास्त्री को बधाई।


Download Android App
Download iOS App



