चेन्नई : पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टीम के लचर प्रदर्शन का बचाव करते हुये कहा कि टीम के लिये कई सकारात्मक पहलू है जिसमें से गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन प्रमुख है। विराट कोहली के नेतृत्व में विश्व रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका से तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही है। सीरीज का तीसरा मैच जोहानिसबर्ग में खेला जायेगा। टेस्ट मैच से संन्यास लेने के बाद भी एकदिवसीय में खेलना जारी रखने वाले इस दिग्गज ने कहा कि मैं कहूंगा कि सकारात्मक पहलू देखिये।
टेस्ट मैच जीतने के लिये आपको 20 विकेट लेना होता है और हमने 20 विकेट लिये है। अगर आप 20 विकेट नहीं ले सकते तो आप टेस्ट मैच ड्रा करने की सोचते है। टेस्ट मैच ड्रा करने के लिये आपको काफी रन बनाने होंगे और विपक्षी टीम का रन बनाने से रोकना होगा। धोनी ने कहा कि तथ्य यह है कि भारतीय गेंदबाज मैच में 20 विकेट ले रहे है जो यह दिखाता है कि हम जीत से ज्यादा दूर नहीं।
उन्होंने कहा कि आप भारत में खेले या विदेश में अगर आप 20 विकेट नहीं ले सकते तो आप टेस्ट मैच नहीं जीत सकते। बड़ा सकारात्मक पहलू यह है कि हम 20 विकेट ले रहे है। इसका मतलब यह हुआ कि हम हमेशा मैच जीतने की स्थिति में रहेंगे बस एक बार रन बनाना शुरू कर दें।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



