भारतीय टीम की सलामी जोड़ी रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शतकीय साझेदारी कर सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है। रोहित और धवन के बीच यह वनडे में 14वीं शतकीय साझेदारी थी। इन दोनों ने सचिन-सहवाग के 13 शतकीय साझेदारी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मैच में रोहित शर्मा और धवन ने पहले विकेट के लिए 154 रनों की साझेदारी की। इसी के साथ वह वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी के मामले में तीसरे नंबर पर आ गए। रोहित ने धवन से ज्यादा शतकीय साझेदारी कप्तान विराट कोहली के साथ की है। रोहित ने कोहली के साथ कुल 15 शतकीय साझेदारियों को अंजाम दिया है।
सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों का रिकॉर्ड सचिन और भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के नाम है। इन दोनों ने कुल 26 शतकीय साझेदारियों को अंजाम दिया है। सचिन और सौरभ के नाम न सिर्फ भारत के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड है बल्कि विश्व क्रिकेट में वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां इन दोनों ने ही की हैं।


Download Android App
Download iOS App



