भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लिए। इसके साथ ही उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वे बाएं हाथ के बल्लेबाजों को 200 बार आउट करने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने बाएं हाथ के बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा बार ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर को आउट किया है।अश्विन ने इंग्लैंड की पहली पारी में स्टुअर्ट ब्रॉड को आउट कर यह मुकाम हासिल किया। सबसे ज्यादा बार बाएं हाथ के बल्लेबाजों को आउट करने वालों में अश्विन के बाद श्रीलंका के पूर्व स्पिनर मुथैया मुरलीधरन और इंग्लैंड के तेज गेंदाबज जेम्स एंडरसन और ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न का नाम आता है।

अश्विन ने ओवरऑल 29वीं बार 5 विकेट लिए। चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट की दूसरी पारी में भी उन्होंने 6 विकेट लिए थे। इंग्लैंड के खिलाफ यह उनका पांचवां 5 विकेट हॉल रहा। वहीं, चेपक स्टेडियम में वे चार बार पारी में 5 विकेट ले चुके हैं। भारत के अनिल कुंबले के बाद वे सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने वालों में दूसरे नंबर पर हैं। कुंबले ने 43 बार पारी में 5 विकेट लिए थे।अश्विन ने भारत में 45 टेस्ट खेले हैं। इसमें वे 23 बार फाइव विकेट हॉल ले चुके हैं। वे अपनी जमीन पर सबसे ज्यादा बार पांच विकेट लेने वालों में चौथे नंबर पर हैं। अश्विन ने इस मामले में जेम्स एंडरसन को पीछे छोड़ दिया। एंडरसन ने इंग्लैंड में 89 टेस्ट में 22 बार यह कारनामा किया है।

अश्विन भारत में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में हरभजन सिंह को पीछे छोड़ दिया। हरभजन ने भारत में 55 टेस्ट में 265 विकेट लिए थे। वहीं, अश्विन अपने देश में 45 टेस्ट में अब तक 268 विकेट ले चुके हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर कुंबले का नाम आता है। उन्होंने भारत में 63 टेस्ट में 350 विकेट लिए थे।


Download Android App
Download iOS App



