T20 में टीम में शामिल नहीं किये जाने पर अश्विन पर उठ रहे थे सवाल, अब खुद गेंदबाज ने दिया बेहद दिलचस्प जवाब

Summary :

टीम इंडिया के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज को यादगार बनने में जरा सी भी कमी नहीं छोड़ी थी।

टीम इंडिया के ऑफ  स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज को यादगार बनने में जरा सी भी कमी नहीं छोड़ी थी। अश्विन ने 4 मैचों में 32 विकेट चटकाए थे। साथ ही उन्होंने अपने बल्ले से भी खास प्रदर्शन करके सभी को चौंका दिया और अपने बल्ले से 189 रन जड़े थे। यही नहीं आर अश्विन को उनके इस खास प्रदर्शन की वजह से मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। 
चार टेस्ट मैचों की सीरीज का खिताब टीम इंडिया ने अपने नाम कर लेने के बाद अश्विन को इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में शामिल करने की उम्मीद जताई थी,मगर ऐसा नहीं हो पाया। अब हाल ही में खुद इस मामले पर अश्विन ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। 
भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का कहना है कि उनके वनडे और टी20 टीम में वापसी का सवाल हास्यास्पद है क्योंकि वह अपने अंतरराष्ट्रीय करियर से संतुष्ट हैं। अश्विन भारतीय टेस्ट टीम का लगातार हिस्सा रहे हैं लेकिन उन्होंने जुलाई 2017 के बाद से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सीमित ओवरों का मैच नहीं खेला है। अश्विन इस दौरान आईपीएल में खेलते रहे हैं।
क्या बोले अश्विन?
अश्विन ने बताया की कई बहुत बार ऐसा समय आता है जब आपको खुद से प्रतिस्पर्धा करनी होती है लेकिन मैं अपने जीवन में संतुलन बनाना जानता हूं और मुझे पता है कि खुद से कैसे प्रतिस्पर्धा करनी है। उन्होंने कहा, जब कोई यह सवाल पूछता है कि मैं वनडे और टी20 टीम में कब वापसी करूंगा तो यह सवाल मुझे हास्यास्पद लगते हैं क्योंकि मैं काफी शांति से हूं और जैसे रह रहा हूं वैसे खुश हूं।
इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में हुई टेस्ट सीरीज में अश्विन टेस्ट में 400 विकेट लेने वाले भारत के चौथे गेंदबाज बने थे। अश्विन ने कहा, मुझे जब भी अवसर मिला उसमें मैंने गेम ब्रेकिंग प्रदर्शन करने की कोशिश की। लेकिन लोग जो सवाल करते हैं और अपनी राय रखते हैं उससे मैं चिंतित नहीं होता।
बता दें आर अश्विन जुलाई 2017 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद सीमित ओवरों की टीम से बाहर चल रहे हैं। जबकि रविचंद्रन अश्विन टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे अधिक विकेट लेने के मामले में तीसरे नंबर पर अपनी जगह बना ली है। गेंदबाज ने 46 टी20 मैचों में 52 विकेट झटके हैं,जबकि 111 वनडे मैचों में अश्विन के नाम 150 विकेट दर्ज हैं। 

Desk Team