आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 251 रन से रौंदा

Summary :

आस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन मेजबान इंग्लैंड को 251 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।

बर्मिंघम : आस्ट्रेलिया ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पांचवें और अंतिम दिन सोमवार को मेजबान इंग्लैंड को 251 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 398 रन बनाने थे, लेकिन मेजबान टीम 52.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 284 रन बनाए थे जबकि इंग्लैंड ने पहली पारी में 374 रनों का स्कोर खड़ा किया था। 
इसके जवाब में आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में सात विकेट पर 487 रन बनाकर अपनी घोषित कर दी थी।  इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। उनके अलावा जैसन रॉय और कप्तान जो रूट ने 28-28 रनों की पारी खेली।  आस्ट्रेलिया की ओर से नाथन लॉयन ने छह विकेट और पैट कमिंस ने चार विकेट लिए। इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने बेहद निराश किया और सभी खिलाड़ियों ने लियोन की स्पिन गेंदबाजी के सामने सरेंडर कर दिया। 
लियोन और कमिंस ने कसी हुई गेंदबाजी करके विपक्षी बल्लेबाजों को गलतियां करने के लिये मजबूर कर दिया। इंग्लैंड ने 85 रन पर अपना चौथा और पांचवा विकेट खोया। इसके बाद 97 पर उसके दो विकेट गिरे। यह क्रम यहीं नहीं रूका और 136 पर आठवां और नौंवा विकेट गिरा। इसके बाद धैर्य से खेल रहे क्रिस वोक्स भी अपना संयम खो बैठे और 146 रन पर इंग्लैंड की पारी खत्म हो गई।

Desk Team