नई दिल्ली : भारतीय स्टार पहलवान बजरंग पूनिया को इस साल राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह अवॉर्ड खेल के क्षेत्र में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च सम्मान है। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने जानकारी दी। सूत्र ने कहा कि बजरंग को कुश्ती के क्षेत्र में लगातार अच्छा करने के लिए इस साल अवॉर्ड दिया जाएगा।
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) ने इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए बजरंग पूनिया के साथ ही महिला पहलवान विनेश फोगाट के नामों की सिफारिश की थी। पूनिया ने हाल ही में तबिलिसी ग्रां प्री में गोल्ड मेडल पदक अपने नाम किया था। वह ईरान के पेइमान बिबयानी को मात देकर 65 किलोग्राम भारवर्ग में सोने का तमगा जीतने में सफल रहे थे।
अपने भारवर्ग में मौजूदा नंबर-1 खिलाड़ी बजरंग ने चीन में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में जीत हासिल कर एशियाई महाद्वीप में अपनी बादशाहत साबित की थी। बजरंग ने पिछले साल एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। पिछले साल भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और भारोत्तोलक महिला खिलाड़ी मीराबाई चानू को यह अवॉर्ड मिला था।
बजरंग ने पिछले साल अपना नाम खेल रत्न के लिए नहीं आने के बाद नाराजगी जताई थी और उस समय के खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर से मुलाकात कर निराशा जाहिर की थी। पहला खेल रत्न पुरस्कार शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद को 1991-92 में मिला था।


Download Android App
Download iOS App



