इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जाक क्रॉली कलाई की चोट के कारण भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैचों से बाहर हो गए। बुधवार को अपना 23वां जन्मदिन मनाने वाले क्रॉली को उसी दिन चेपक स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम में संगमरमर के फर्श पर फिसल जाने के कारण चोट लगी थी ।
ईसीबी ने एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ पिछली रात के स्कैन के नतीजे मिलने के बाद जाक क्रॉली को पहले दो टेस्ट से बाहर कर दिया गया है ।’’ इसमें कहा गया,‘‘स्कैन से इसकी पुष्टि हो गई कि उनकी कलाई के जोड़ में चोट है और इंग्लैंड की मेडिकल टीम अगले कुछ सप्ताह इस पर नजर रखेगी ।’’
पहला टेस्ट शुक्रवार से शुरू होगा । इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने कहा कि क्रॉली की चोट निराशाजनक है । उन्होंने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ यह निराशाजनक है , खासकर जिस तरह से यह चोट लगी ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ अब हमें टीम संयोजन के लिये भी नये सिरे से सोचना होगा । हमारे पास कुछ शानदार खिलाड़ी हैं और तमाम चीजों को ध्यान में रखकर ही अंतिम एकादश का चयन किया जायेगा ।’’


Download Android App
Download iOS App



