ऑस्ट्रेलिया में Bangladesh ने रचा इतिहास, पहली बार कंगारुओं को उन्हीं के घर में हराया

Summary :

बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर उसकी धरती पर पहली बार टेस्ट जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो तेज गेंदबाज हसन महमूद रहे, जिन्होंने पूरे मैच में 9 विकेट झटके। बांग्लादेश ने पहली पारी में 426 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बनाया और 57 रनों का मामूली लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। यह टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बांग्लादेश की दूसरी जीत और विकेटों के लिहाज से उसकी दूसरी सबसे बड़ी जीत है।

बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उसने पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर कंगारुओं को उन्हीं की धरती पर पहली बार शिकस्त दी। जीत के लिए बांग्लादेश के सामने चौथी पारी में महज 57 रनों का टारगेट था, जिसे टीम ने सिर्फ एक विकेट गंवाकर आसानी से हासिल कर लिया।

बांग्लादेश ने साल 2000 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था, लेकिन इसके बाद करीब 26 सालों तक वह ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर टेस्ट जीत का इंतजार करता रहा। आखिरकार यह लंबा इंतजार खत्म हुआ और टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर अपनी पहली टेस्ट जीत दर्ज कर ली। कुल मिलाकर यह टेस्ट क्रिकेट में बांग्लादेश की ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी जीत है। इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक युवा तेज गेंदबाज हसन महमूद रहे। उन्होंने पूरे मुकाबले में कुल 9 विकेट अपने नाम किए और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया।

हसन महमूद ने रखी जीत की नींव

Bangladesh Beat Australia
Bangladesh Beat Australia (Source: Google)

हसन महमूद ने पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके और ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी को सिर्फ 198 रनों पर समेटने में अहम रोल निभाया। इसके बाद बांग्लादेश के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। तंजीद हसन ने बेहतरीन शतक लगाया, जबकि कप्तान नजमुल हुसैन शांटो और मेहदी हसन ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं। इन पारियों की बदौलत बांग्लादेश ने पहली पारी में 426 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया और ऑस्ट्रेलिया पर दबाव बना दिया।

फिर दूसरी पारी में भी हसन महमूद का जलवा जारी रहा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरून ग्रीन ने 104 रनों की बेहतरीन जुझारू पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन हसन महमूद ने ही उन्हें आउट कर के इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर को भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।

2017 के बाद ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी टेस्ट जीत

Bangladesh Make History by Beating Australia
Bangladesh Make History by Beating Australia (Source: Google)

बांग्लादेश ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट में साल 2017 में हराया था। मुश्फिकुर रहीम की कप्तानी में ढाका में खेले गए उस मुकाबले में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को मात दी थी। अब करीब आठ साल बाद उसने एक बार फिर कंगारू टीम को हराया है और इस बार जीत ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर आई है।

विकेटों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी टेस्ट जीत

Bangladesh Creates History
Bangladesh Creates History (Source: Google)

9 विकेट से मिली यह जीत बांग्लादेश की टेस्ट क्रिकेट में विकेटों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। उसकी सबसे बड़ी जीत 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ आई थी, जब रावलपिंडी में बांग्लादेश ने मेजबान टीम को 10 विकेट से हराया था। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने एक और खास अचीवमेंट हासिल की है, पिछले 31 सालों में भारत के बाद वह दूसरा एशियाई देश बन गया है। जिसने ऑस्ट्रेलिया को उसकी अपनी धरती पर टेस्ट मैच में हराने का कारनामा किया है। बांग्लादेश की यह जीत उसके टेस्ट क्रिकेट इतिहास की सबसे यादगार अचीवमेंट में शामिल हो गई है।

Read More: Gautam Gambhir की कोचिंग पर BCCI का भरोसा बरकरार, इन 2 वजहों के कारण नहीं जाएगी कुर्सी

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले चार साल से पत्रकारिता के फिल्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं