BPL Match Fixing: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर संकट झेल रहे बांग्लादेश क्रिकेट पर अब एक और बड़ा दाग लग गया है। बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) में फिक्सिंग के गंभीर आरोप सामने आए हैं, जिसने पूरे क्रिकेट जगत को हिला कर रख दिया है। दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में सिल्हट टाइटंस की हार के बाद टीम फिक्सिंग का आरोप लगा है और कहा जा रहा है कि एक खिलाड़ी ने पैसे लेकर अपनी ही टीम को मैच हरवा दिया।
BPL Match Fixing: पूर्व सलाहकार ने किया खुलासा

सिल्हट टाइटंस के पूर्व सलाहकार फहीम अल चौधरी ने इस मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि टीम के एक खिलाड़ी ने मैच से पहले खुद को बेच दिया था और उनके पास इसकी पुख्ता जानकारी मौजूद है। हालांकि, चौधरी ने फिलहाल उस खिलाड़ी का नाम उजागर नहीं किया है, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषी खिलाड़ी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला मीरपुर में खेले गए दूसरे क्वालिफायर मुकाबले से जुड़ा है, जहां सिल्हट टाइटंस को राजशाही वॉरियर्स के खिलाफ 12 रन से हार का सामना करना पड़ा। राजशाही ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 165 रन बनाए थे, जिसके जवाब में सिल्हट की टीम 153 रन ही बना सकी और इसी हार के साथ टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
तेज गेंदबाज बना विलेन

इस मुकाबले में श्रीलंकाई तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो सिल्हट के लिए सबसे बड़े विलेन साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट झटके। खास बात यह रही कि 24 गेंदों में से 17 गेंदों पर उन्होंने एक भी रन नहीं दिया। पहले दो ओवर में जाकिर हसन और आरिफुल इस्लाम को आउट करने के बाद, 18वें ओवर में बिनुरा ने मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया, जब उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों के भीतर मेहदी हसन मिराज और खालिद अहमद को पवेलियन भेज दिया।
अब फिक्सिंग के इन आरोपों ने BPL और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एक तरफ जहां टीम इंटरनेशनल लेवल पर संकट से जूझ रही है, वहीं घरेलू क्रिकेट में सामने आए इस फिक्सिंग विवाद ने बांग्लादेश क्रिकेट की साख पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
Also Read: बांग्लादेश के बाद पाकिस्तान भी T20 World Cup से बाहर! ICC के अल्टीमेटम के बाद PCB का बड़ा कदम





















