नई दिल्ली : सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा है कि भारत की सीमित ओवरों की टीम में वापसी को लेकर उनकी रातों की नींद नहीं उड़ी है और फिलहाल उनका ध्यान आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी की ‘बड़ी जिम्मेदारी’ पर है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में वापसी के लिये अच्छा प्रदर्शन ही एकमात्र रास्ता है और वह इस आईपीएल में अपनी टीम को एकजुट करके कड़ी चुनौती के लिये तैयार कर रहे हैं। युवराज सिंह और आरोन फिंच जैसे खिलाड़ियों पर तवज्जो देकर कल अश्विन को किंग्स इलेवन पंजाब का कप्तान नियुक्त किया गया।
उन्होंने आलराउंडर रविंद्र जडेजा के साथ भारत की सीमित ओवरों की टीम में स्थान गंवा दिया है। अश्विन ने भारत की ओर से पिछला सीमित ओवरों का मैच जुलाई 2017 में खेला था। अश्विन ने कहा कि मैं इस साल के आईपीएल को भारतीय टीम में वापसी के तौर पर नहीं देख रहा। मैं आईपीएल में उसी मानसिकता के साथ उतरूंगा जैसे हर साल उतरता हूं। इस सत्र में मेरे ऊपर बड़ी जिम्मेदारी (किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी की) है और मैं चुनौती के लिए तैयार हूं।
मैं किसी और चीज पर ध्यान नहीं दे रहा। अगर होना होगा तो ऐसा (भारतीय टीम में वापसी) होगा। अंगुली के स्पिनरों अश्विन और जडेजा का चयन अगले साल होने वाले विश्व कप में मुश्किल नजर आता है क्योंकि फिलहाल कलाई के स्पिनर युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



