हैदराबाद : प्रतिबंधित डेविड वार्नर के इंडियन प्रीमियर लीग के 11 वें सत्र से बाहर होने के बाद सनराइजर्स हैदरबाद के नए कप्तान बनाए गए केन विलियमसन ने आज कहा कि इस टी 20 टीम में आस्ट्रेलिया के आक्रामक सलामी बल्लेबाज की जगह लेना असंभव है। विलियमसन ने कहा , ‘‘ मुझे नहीं लगता कि यह डेविड वार्नर की जगह लेने का मामला है। मुझे लगता है कि यह असंभव है। पिछले कुछ वर्षों में वह दुनिया और अपनी फ्रेंचाइजी के सर्वश्रेष्ठ टी 20 बल्लेबाजों में से एक है। ’’ दक्षिण अफ्रीका में मार्च में टेस्ट मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण में शामिल होने के कारण क्रिकेट आस्ट्रेलिया ने वार्नर पर एक साल का प्रतिबंध लगाया है।
सनराइजर्स की टीम हालांकि वार्नर की कमी से उबरने में सफल रही और फिलहाल आईपीएल 2018 में शीर्ष पर चल रही है। विलियमसन ने संवाददाताओं से कहा , ‘‘ तालिका के शीर्ष पर होना अच्छा है लेकिन साथ ही मैंने बार बार कहा है कि हम लगातार सुधार देखना चाहते हैं , प्रत्येक मैच में मिलने वाले अलग अलग विकेट से सामंजस्य बिठाना चाहते हैं। ’’ प्ले आफ पर नजरें टिकाए बैठी हैदराबाद की टीम कल रायल चैलेंजर्स बेंगलूर से भिड़ेगी जो लय हासिल करने के लिए जूझ रही है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



