पुणे : चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज शानदार फार्म में है लेकिन आईपीएल की दो दक्षिण भारतीय टीमों के मुकाबले में कल उसका सामना जब रायल चैलेंजर्स बेंगलूरू से होगा तो उसके अपनी गेंदबाजी में सुधार करना होगा। विराट कोहली की अगुवाई वाली आरसीबी ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस को 14 रन से हराया। अब उसकी नजरें महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई टीम से पिछले मैच में मिली पांच विकेट से हार का बदला चुकता करने पर होगी। दूसरी ओर पिछले तीन में से दो मैच हार चुकी चेन्नई जीत की राह पर लौटना चाहेगी। सितारों से सजी आरसीबी के लिये यह मुकाबला करो या मरो का है और प्लेआफ की उम्मीदें बरकरार रखने के लिये उसे हर हालत में जीतना होगा।
आठ मैचों में तीन जीतकर आरसीबी पांचवें स्थान पर है जबकि चेन्नई नौ में से छह मैच जीतकर दूसरे स्थान पर है। पहला मैच चेन्नई में खेलने के बाद यहां आई चेन्नई टीम ने सिर्फ मुंबई इंडियंस के हाथों एक मैच गंवाया है। मुंबई से 28 अप्रैल को आठ विकेट से मिली हार और कल रात कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों छह विकेट से पराजय झेलने वाली चेन्नई की गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर हुई हैं। अंबाती रायुडू, आस्ट्रेलिया के शेन वाटसन, वेस्टइंडीज के ड्वेन ब्रावो, कप्तान धोनी और सुरेश रैना समेत चेन्नई के सभी बल्लेबाजों ने रन बनाये हैं। रायुडू अभी तक 391 रन बना चुके हैं। धोनी ने अपने आलोचकों को दिखा दिया है कि उनके भीतर काफी क्रिकेट बाकी है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



