रविचंद्रन अश्विन के संन्यास पर पीएम मोदी का खास संदेश

Summary :

पीएम मोदी ने अश्विन को लिखा खास पत्र, कहा- फैंस और टीम को आपकी कमी खलेगी

भारत के ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कुछ ही दिन पहले संन्यास लेकर हर क्रिकेट फैन को चौंका दिया। अश्विन ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट के बाद अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया। ब्रिसबेन टेस्ट मैच में टीम इंडिया के फैंस एक तरफ मैच ड्रा होने की ख़ुशी मना रहे थे वहीं दूसरी तरफ संन्यास की खबर सुन फैंस मायूस नजर आये और पूरे सोशल मीडिया पर फैंस रविचंद्रन अश्विन को ट्रिब्यूट देते भी दिखे। अश्विन के इस फैसले से देश-विदेश के फैंस के साथ-साथ भारतीय ड्रेसिंग रूम में उनके साथी भी हैरान रह गए थे। अब अश्विन अपने करियर के एक और चैप्टर की तैयारी कर रहे हैं, ऐसे में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रतिष्ठित स्पिनर को एक भावपूर्ण पत्र लिखा है।

अपने लैटर में, पीएम मोदी ने लिखा कि अश्विन के संन्यास की घोषणा ‘कैरम बॉल’ की तरह महसूस हुई। मुझे उम्मीद है कि यह पत्र आपको अच्छे स्वास्थ्य और उत्साह के साथ मिलेगा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से आपके संन्यास की घोषणा ने भारत और दुनिया भर के फैंस को चौंका दिया। ऐसे समय में जब हर कोई एक और ऑफ-ब्रेक की उम्मीद कर रहा था, आपने एक ऐसी कैरम बॉल फेंकी जिसने सभी को चकमा दे दिया। हालांकि, हर कोई समझता है कि यह आपके लिए भी एक कठिन निर्णय रहा होगा, खासकर तब जब आपका करियर भारत के लिए खेलते हुए इतना शानदार रहा था। आपको एक शानदार करियर के लिए मेरी तरफ से बधाई।

जब आप अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे, तो जर्सी नंबर 99 की बहुत याद आएगी। क्रिकेट प्रेमियों को उस उम्मीद की कमी खलेगी जो उन्हें तब महसूस होती थी जब आप गेंदबाजी करने के लिए क्रीज पर उतरते थे। फैंस को मैच के दौरान हमेशा ऐसा लगता था कि आप अपोनेंट के लिये एक ऐसा जाल बुन रहे हैं जो किसी भी टाइम किसी भी विरोधी बल्लेबाज को फंसा सकता है। सभी फॉर्मेट में आपके द्वारा लिए गए 765 अंतरराष्ट्रीय विकेटों में से प्रत्येक विकेट विशेष था। टेस्ट मैचों में सबसे अधिक प्लेयर ऑफ द सीरीज अवार्ड जीतने का रिकॉर्ड रखना आपके प्रभाव को दर्शाता है।

इसके अलावा पत्र में रविचंद्रन अश्विन के डेब्यू, 2011 वनडे वर्ल्ड कप, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का भी जिक्र किया गया जहां अश्विन ने भारत को जीताने में अपना एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था। अश्विन की 2021 सिडनी में खेली गई ऐतिहासिक पारी, 2022 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ उनका विनिंग शॉट, बुरे समय में भी टीम का साथ पूरी शिद्दत से देना जैसी अनेकों पहलुओं के बारे में पत्र में ज़िक्र किया गया। उन्होंने इसके साथ ही अश्विन और उनके पूरे परिवार को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी।

Ravi Kumar

I have a vision to prepare myself as well as others in such a way that our tomorrow becomes wonderful.