कोलंबो : पिछले वनडे मैच के दौरान हुए दर्शकों के उपद्रव के बाद भारत और श्रीलंका के बीच गुरुवार को यहां प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले चौथे वनडे के लिये सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। पल्लेकेल में हुए तीसरे वनडे के दौरान जब भारतीय टीम जीत की दहलीज पर खड़ी थी तभी अपनी टीम के खराब प्रदर्शन से गुस्साये दर्शकों ने मैदान पर पानी की बोतलें फेंककर अपना विरोध जताया था। दर्शकों के इस उपद्रव की वजह से खेल को 32 मिनट तक रोकना पड़ा था।
चौथे वनडे में इस तरह की घटना को रोकने के लिये 35000 सीटों वाले प्रेमदासा स्टेडियम में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। पुलिस ने बताया कि स्टेडियम में लगभग 1000 अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की नियुक्ति की गयी है जबकि सीसीटीवी से स्टेडियम के भीतर दर्शकों पर कड़ी नजर रखी जायेगी। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान यदि कोई दर्शक फिर से खिलाड़यिों पर बोतल फेंकता नजर आया तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया जायेगा। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम मेजबान श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराने के बाद पांच वनडे मैचों सीरीज में भी 3-0 की अपराजेय बढ़त बनाये हुए है।


Download Android App
Download iOS App



