Virat Kohli Top ICC Ranking: करीब 4 साल और 9 महीने के लंबे इंतजार के बाद विराट कोहली ने वनडे रैंकिंग में नंबर-1 की कुर्सी पर वापसी की है। उन्हें शानदार और लगातार परफॉर्मेंस का आखिरकार बड़ा इनाम मिला है। आईसीसी की वनडे रैंकिंग बुधवार को अपडेट हुई, जिसमें विराट कोहली एक बार फिर नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा को पीछे छोड़ते हुए विराट फिर से शिखर पर पहुंच गए, जबकि रोहित अब तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं।
Virat Kohli Top ICC Ranking: 4 साल के बाद टॉप पर विराट

4 साल और 9 महीने के बाद विराट कोहली वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बने हैं। अगर दिनों में गिनें तो यह इंतजार पूरे 1736 दिन का रहा। इससे पहले विराट 13 अप्रैल 2021 तक वनडे रैंकिंग में टॉप पर थे, लेकिन 14 अप्रैल 2021 को पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम ने उनकी जगह ले ली थी। अब एक बार फिर किंग कोहली ने साबित कर दिया है कि वह बड़े मैचों और मुश्किल हालात में क्यों खास माने जाते हैं।

हालिया प्रदर्शन की बात करें तो विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में दो शानदार शतक और एक अर्धशतक जड़ा था। इसके बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में 93 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर उन्होंने अपनी नंबर-1 रैंकिंग लगभग पक्की कर दी थी। इसी जबरदस्त फॉर्म का असर अब ऑफिसियल रैंकिंग में साफ दिख रहा है।
ICC की पूरी रैंकिंग

पूरी रैंकिंग की बात करें तो आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में विराट कोहली 785 रेटिंग पॉइंट्स के साथ पहले स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के Daryl Mitchell 784 पॉइंट्स के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद हैं, यानी वह कोहली से सिर्फ एक अंक पीछे हैं। वहीं, रोहित शर्मा 775 रेटिंग पॉइंट्स के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं। भारतीय बल्लेबाजों में शुभमन गिल पांचवें और श्रेयस अय्यर दसवें पायदान पर हैं।
हालांकि, विराट के लिए नंबर-1 की इस कुर्सी को संभालकर रखना आसान नहीं होगा। डैरेल मिचेल उनसे बेहद करीब हैं और वनडे सीरीज के बचे हुए मुकाबलों में दोनों का प्रदर्शन अगली रैंकिंग तय करेगा। अगर विराट कोहली को टॉप पर बने रहना है, तो आने वाले मैचों में भी उन्हें इसी तरह रन बरसाने होंगे।
Also Read: Rohit Sharma से बेहतर क्यों हैं Virat Kohli? पूर्व दिग्गज से दिया दिमाग खोलने वाला जवाब























