साउथम्पटन : इंग्लैंड ने पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को दो रन से हराकर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त ले ली। आखिरी गेंद तक चले इस रोमांचक मुकाबले में शुक्रवार को जीत के लिए 163 रन का पीछा कर रही ऑस्ट्रेलियाई टीम छह विकेट पर 160 रन ही बना सकी।
कोरोना वायरस के कारण खेल गतिविधियां रूकने के बाद ऑस्ट्रेलिया का यह छह महीने में पहला मैच था। इससे पहले टीम ने मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला खेली थी।
कप्तान आरोन फिंच (46) और डेविड वार्नर (58) ने पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को शानदार शुरूआत दिलाई। टीम एक समय 14 ओवर में एक विकेट पर 124 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी लेकिन इसी स्कोर पर पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (18) और चार गेंद बाद ग्लेन मैक्सवेल (एक) के आउट होने के बाद पारी लड़खड़ा गयी। टीम ने 14 गेंद में नौ रन के अंदर चार विकेट गंवा दिये।
आखिरी दो ओवरों में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 19 और फिर टॉम कुरेन के आखिरी ओवर में 15 रन चहिये थे । मार्कस स्टोइनिस ने ओवर की दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर गेंद और रन का अंतर को कम किया लेकिन टीम इस ओवर में और बाउंड्री नहीं लगा सकी और लक्ष्य से दो रन दूर रह गयी।
इंग्लैंड के लिए जोफ्रा आर्चर ने 33 रन देकर दो और आदिल रशिद ने 29 रन देकर दो विकेट लिये। इससे पहले इंग्लैंड ने डेविड मलान (66) और जोस बटलर (44) की पारियों के दम पर 20 ओवर में सात विकेट पर 162 रन बनाये। केन रिचर्डसन ने 13 रन देकर दो जबकि मैक्सवेल ने 14 रन देकर दो विकेट चटकाये। श्रृंखला का दूसरा मैच रविवार को खेला जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



