रियान ब्रूस्टर की लगातार दूसरी हैट्रिक की बदौलत इंग्लैंड ने तीन बार के पूर्व चैंपियन ब्राजील को विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में बुधवार को 3-1 से धोकर पहली बार फीफा अंडर 17 विश्वकप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां खिताब के लिए उसका मुकाबला 28 अक्टूबर को स्पेन से होगा। इंग्लैंड का यह पहला सेमीफाइनल था और उसने ब्राजील की सशक्त टीम को पूरे मैच में कोई मौका नहीं दिया।
इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में अपना शानदार प्रदर्शन सेमीफाइनल में भी बरकरार रखा और खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे ब्राजील का मानमर्दन कर दिया। इंग्लैंड के लिए अमेरिका के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में 4-1 की शानदार जीत में बेहतरीन हैट्रिक जमाने वाले ब्रूस्टर ने एक बार फिर अपना कमाल दिखाया और ब्राजील के खिलाफ भी हैट्रिक ठोक दी। ब्रूस्टर ने 10वें, 39वें और 77वें मिनट में गोल किये।
ब्रूस्टर के टूर्नामेंट में अब सात गोल हो चुके हैं और इसके साथ ही गोल्डन शू के प्रबल दावेदार बन गए हैं। ब्राजील का एकमात्र गोल वेस्ली ने 21वें मिनट में किया। इंग्लैंड का फाइनल में स्पेन से मुकाबला होगा जिसने नवी मुंबई में खेले गए अन्य सेमीफाइनल में गत उप विजेता माली को 3-1 से हराया। स्पेन की तरफ से अबेल रुईज ने 19वें और 43वें मिनट में तथा फेरेन टोरेस 71वें मिनट में गोल किया।


Download Android App
Download iOS App



