नई दिल्ली : धरती के सबसे तेज पुरुष धावक और आठ बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जमैका यूसेन बोल्ट बतौर फुटबॉलर एक क्लब से जुड़ गए हैं। 31 साल के बोल्ट ने सोशल मीडिया पर अपने 10 सेकेंड के एक वीडियो में इसकी जानकारी दी। हालांकि उन्होंने केवल इतना ही बताया कि वह एक फुटबॉल क्लब से जुड़ गए हैं और क्लब के नाम का खुलासा मंगलवार रात को करने वाले हैं। बोल्ट मैनचेस्टर यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के बहुत बड़े प्रशंसक है।
उन्होंने एक बार एक साक्षात्कार में कहा था कि एथलेटिक्स से संन्यास लेने के बाद वह फुटबॉल में अपना करियर बनाने की सोच रहे हैं। उन्होंने कहा था कि उनका सपना है कि वह मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम की तरफ से खेले। पिछले साल अगस्त में लंदन में हुए विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बोल्ट आखिरी बार रेस में उतरे थे जहां उन्होंने 100 मीटर की रेस में तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक जीता था। डोपिंग को लेकर जहां दुनिया के कई दिग्गज खिलाड़ी फंसे तो वहीं बोल्ट ने अपने करियर में अपनी छवि को भी बेदाग रखा।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



