अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से हटने वाले दूसरे बड़े खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने अपने फैसले के बारे में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम प्रबंधन को बता दिया है।
यह 40 साल का गेंदबाज पिछले दो सत्र से सीएसके का हिस्सा रहा है। वह अभी अपने परिवार के साथ पंजाब के जालंधर में है। उन्होंने इस मामले पर उनकी निजता का सम्मान करने की मांग की है। आईपीएल का सत्र 19 सितंबर से शुरू होगा। कोविड-19 के कारण इसका आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में होगा।
हरभजन ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा से बताया, ‘‘मैंने सीएसके प्रबंधन को इस साल आईपीएल से हटने के अपने फैसले के बारे में सूचित कर दिया है। मैंने इस मुश्किल समय में व्यक्तिगत कारणों से ब्रेक लेने का फैसला किया है। मुझे उम्मीद है कि हर कोई मेरी निजता का सम्मान करेगा।’’
हरभजन 150 विकेट के साथ आईपीएल के इतिहास में सबसे सफल गेंदबाजों में से एक हैं। इससे पहले, सीएसके के ही हरफनमौला सुरेश रैना ने भी व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते आईपीएल के आगामी सत्र से हटने का फैसला किया था।


Download Android App
Download iOS App



