Hockey World Cup में भारत का अगला मुकाबला होगा चैलेंजिंग, 1994 के बाद से इस टीम को नहीं हरा पाई इंडिया

Summary :

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की। अब भारतीय टीम का सामना 17 अगस्त को इंग्लैंड से होगा, जिसने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से मात दी है। भारत ने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को आखिरी बार 1994 में हराया था, ऐसे में टीम की नजर 32 साल बाद जीत का सूखा खत्म करने पर होगी।

मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब शुरू हो चुका है। बेल्जियम और नीदरलैंड्स की कम्बाइन होस्टिंग में खेले जा रहे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार आगाज किया है। पूल डी के अपने पहले मुकाबले में भारत ने वेल्स को 3-1 से हराकर पूरे तीन प्वाइंट हासिल किए है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर खेले गए इस मुकाबले में संजय ने 8वें मिनट में गोल कर भारत को बढ़त दिलाई।

इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। फिर हरमनप्रीत ने 43वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागते हुए भारत की बढ़त 3-0 कर दी। हालांकि वेल्स ने आखिरी समय में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर लिया।

Indian Team Challenge In Hockey World Cup: अब इंग्लैंड से होगा सामना

India Vs England Hockey Match
India Vs England Hockey Match (Source: Google)

वेल्स के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा। दोनों टीमें 17 अगस्त को एम्स्टेलवीन के वागेनर स्टेडियम में आमने-सामने होंगी और मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। इंग्लैंड ने भी टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है। उसने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4-1 से मात दी थी। ऐसे में भारत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला और पूल डी में आगे बढ़ने के लिहाज से इसकी अहमियत काफी ज्यादा होगी।

वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड का रिकॉर्ड

Eng Vs Ind World Cup Record
Eng Vs Ind World Cup Record (Source: Google)

हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और इंग्लैंड की भिड़ंत कई बार हो चुकी है। वहीं दोनों टीमों के बीच पिछली विश्व कप भिड़ंतों में इंग्लैंड का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपनी आखिरी जीत 1994 में दर्ज की थी। ऐसे में आपको बता दें कि दोनों टीमों की वर्ल्ड कप में पहली भिड़ंत 1975 में हुई थी, जब भारत ने 2-1 से जीत हासिल की थी।

यही वह टूर्नामेंट था जिसमें भारतीय टीम ने अपना एकमात्र मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप खिताब जीता था। इसके बाद 1978 में मुकाबला ड्रॉ रहा, जबकि 1982 में भारत ने 4-2 से जीत दर्ज की। वहीं 1994 में भारत ने इंग्लैंड को 1-0 से हराया था। इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार बढ़त बनाई और 2002, 2006, 2010 तथा 2014 के वर्ल्ड कप मुकाबलों में भारत को शिकस्त दी। अब भारतीय टीम की कोशिश इस लंबे इंतजार को खत्म करने की होगी।

कहां देख सकते हैं लाइव मैच?

Hockey World Cup Live Match
Hockey World Cup Live Match (Source: Google)

भारत में हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबलों का प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर एवेलेबल है।

पाकिस्तान से भी होगी टक्कर

India vs Pakistan: Arch-rivals hockey battle
India vs Pakistan: Arch-rivals hockey battle (Source: Google)

इंग्लैंड के बाद भारत को पूल स्टेज में पाकिस्तान का सामना करना है। भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 19 अगस्त को खेला जाएगा। वहीं टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों के नतीजों को देखते हुए पूल डी में मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। भारत ने वेल्स को हराकर कैंपेन की अच्छी शुरुआत कर दी है, लेकिन असली चुनौती अब इंग्लैंड के खिलाफ सामने होगी। अगर भारतीय टीम यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है, तो नॉकआउट स्टेज की ओर उसका रास्ता काफी मजबूत हो जाएगा।

Read More: Hockey World Cup 2026: जानें कब से होगी वर्ल्ड कप की शुरूआत?, पहली बार एक साथ खेलेंगे मेन्स और वुमेन्स टूर्नामेंट

Rishabh Pandey

ऋषभ पांडे पिछले पांच साल से पत्रकारिता के फील्ड में काम कर रहे हैं, उन्होंने अपनी शुरुआत Zee News चैनल से की थी, इसके बाद उन्होंने News 24 में पॉलिटिकल, एंटरटेनमेंट न्यूज और क्राइम से जुड़ी खबरें लिखीं और बतौर प्रोड्यूसर भी एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया, अब ऋषभ Punjab Kesari में एंटरटेनमेंट और स्पोर्टस बीट पर बतौर Sub Editor (हिंदी में) काम कर रहे हैं।