भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 20 रनों से हराया
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में 20 रनों से हरा दिया है. इस जीत के साथ ही उसने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त ले ली है. 01 दिसंबर को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया की टीम 175 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सात विकेट पर 154 रन ही बना सकी. पांचवां एवं आखिरी टी20 मुकाबला 3 दिसंबर को बेंगलुरु में खेला जाएगा,
टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत काफी आक्रामक रही और उसने तीन ओवर में ही 40 रन बना डाले. इस दौरान ट्रेविस हेड ने दीपक चाहर के एक ओवर में 22 रन बनाए. भारत को पहली सफलता रवि बिश्नोई ने दिलाई, जिन्होंने अपनी पहली गेंद पर जोश फिलिप को बोल्ड किया. इसके बाद अक्षर पटेल की फिरकी का जादू चला और उन्होंने वेड, हार्डी और मैकडरमॉट को पवेलियन भेजकर ऑस्ट्रेलिया की हालत खस्ता कर दी.
अक्षर के सामने बेबस ऑस्ट्रेलियाई टीम
ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इसके बाद टिम डेविड और मैथ्यू शॉर्ट के विकेट खोए, जिसने उसकी संभावनाओं को धूमिल कर दिया. आखिरी दो ओवरों में ऑस्ट्रेलिया को 40 रन बनाने थे, लेकिन मैथ्यू वेड पिछले मैच की तरह कुछ कमाल नहीं कर पाए. वेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा नाबाद 36 रन बनाए, जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे. भारत की ओर से अक्षर पटेल ने चार ओवरों में महज 16 रन देकर तीन विकेट लिए. वहीं दीपक चाहर को दो और रवि बिश्नोई को एक सफलता हासिल हुई.


Download Android App
Download iOS App



