वेस्ट इंडीज के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज का आज दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें भारतीय टीम वापसी करना चाहेगी। साथ ही टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या इस मैच में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने के करीब है। वो भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भी पीछे छोड़ने वाले है। क्या है वो रिकॉर्ड जिसमें हार्दिक बुमराह से आगे निकलने वाले हैं, आइए जानते हैं।

बुमराह को पीछे छोड़ने का मौका –
हार्दिक पांड्या बतौर ऑलराउंडर भारतीय टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी रहे हैं। पिछले कई सालो से वो भारत के लिए गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देते आए हैं और कई बार अपनी गेंदबाज़ और बल्लेबाज़ी से टीम को जीत दिलाई। इस समय टी20 के कप्तान पांड्या के पास मौका है कि वो अपने नाम एक खास उपलब्धि हासिल करें। हार्दिक के पास टी20 क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में बुमराह को पीछे छोड़ने का मौका होगा। हार्दिक ने अब तक 88 टी20 मैचों में भारत के लिए 70 विकेट चटकाए हैं। बुमराह के नाम भी 60 मैचों में इतने ही विकेट है। ऐसे में अगर आज दूसरे टी20 मैच में हार्दिक पांड्या को एक भी विकेट मिलता है तो वह दिग्गज तेज गेंदबाज को विकेटों के मामले में पीछे छोड़ देंगे।

हार्दिक का टी20 करियर –
हार्दिक की टी20 करियर की बात करें तो, 88 टी20 मैचों में इस खिलाड़ी ने बल्ले के साथ 1290 रन बनाए है, इस दौरान उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं, उनका बैटिंग एवरेज 25.29 का रहा है। जबकि हाईएस्ट स्कोर नाबाद 71 रन है। वहीं गेंदबाज़ी में उन्होंने 26.44 की औसत से अभी तक 70 विकेट हासिल किए हैं। उनका बेस्ट बोलिंग फिगर हैं 16 रन देकर 4 विकेट। जबकि इकॉनमी रेट 8 से ऊपर का है।

T20I में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ –
भारत के टॉप पांच सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ो की बात करें तो सबसे ऊपर युजवेंद्र चहल 93 विकेट, भुवनेश्वर कुमार 90, रवि अश्विन 72 विकेट, इसके बाद बुमराह और हार्दिक 70 विकेट के साथ चौथे और पांचवें स्थान पर है। युजवेंद्र चहल के पास भी मौका है कि वो इस सीरीज के बचे हुए 4 मैचों में 7 विकेट हासिल कर भारत के पहले गेंदबाज़ बने इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले। चहल इस समय भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं। सीरीज में भारतीय टीम इस समय 1-0 से पीछे चल रही है। पहले मुकाबले में हार्दिक पांड्या की टीम को 4 रन से हार का सामना करना पड़ा था। अब देखना होगा आज भारतीय टीम सीरीज में वापसी कर पाती है या नहीं।


Download Android App
Download iOS App



