नूर सुल्तान : अनुभवी टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने अपना डेविस कप रिकार्ड बेहतर करते हुए जीवन नेदुंचेझियान के साथ अपना 44वां युगल मैच जीता जबकि भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराकर 2020 क्वालीफायर में जगह बना ली। पाकिस्तान के मोहम्मद शोएब और हुफैजा अब्दुल रहमान की जोड़ी पेस और जीवन के आगे टिक नहीं सकी । उन्होंने सिर्फ 53 मिनट में 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की।
पिछले साल अपना 43वां युगल मैच जीतकर डेविस कप के इतिहास में सफलतम खिलाड़ी बने पेस ने इटली के निकोला पी को पछाड़ा था। पेस ने 56वें मुकाबले में 43वीं जीत दर्ज की थी जबकि निकोला ने 66 में से 42 मैच जीते। पेस ने कहा कि यह मेरी 44वीं जीत है लेकिन पहली जीत की तरह लगती है। मेरी सभी जीत विशेष हैं। रिकार्ड में भारत को जगह दिलाना मेरे लिए विशेष है और इसे लेकर मेरे अंदर जुनून है।
जीवन अपना पहला मैच खेल रहा था और सीनियर साथी होने के कारण मैंने यह दबाव अपने कंधों पर लिया। पेस ने जीवन की तारीफ करते हुए कहा कि जीवन देश के लिए खेलने में फख्र महसूस करता है। ये लड़के मुझे युवा, तरोताजा और उत्साहित बनाये रखते हैं। मैं उनके साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाता हूं।पेस का 44 जीत का रिकार्ड जल्दी टूट पाना संभव नहीं क्योंकि उनके अलावा कोई मौजूदा युगल खिलाड़ी शीर्ष 10 में नहीं है।
बेलारूस के मैक्स मिरनी तीसरे नंबर पर हैं जिनके नाम 36 जीत दर्ज है लेकिन वह 2018 से टूर पर नहीं खेल रहे हैं। पेस युगल मुकाबले में जीत के मामले में भले ही शीर्ष पर हों लेकिन यह दिग्गज भारतीय कुल जीत के मामले में पांचवें स्थान पर हैं।


Download Android App
Download iOS App



