गुवाहाटी : भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी20 क्रिकेट मैच बारिश के कारण रविवार को यहां बिना गेंद फेंके रद्द कर दिया गया जिससे तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी का इंतजार भी बढ़ गया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टास जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किया था लेकिन खेल शुरू होने से कुछ देर पहले तेज बारिश शुरू गयी।
बारिश थमने के बाद पिच पर कुछ गीले स्थान बन गये जिन्हें सुखाने के लिये हेयर ड्रायर सहित विभिन्न उपकरणों का उपयोग किया गया। अंपायरों ने स्थानीय समयानुसार नौ बजकर 30 मिनट में आखिरी बार निरीक्षण करने के बाद मैच रद्द करने का फैसला किया जिससे बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्टेडियम में मौजूद दर्शक निराश हो गये। चोटिल होने के कारण पिछले कुछ महीनों से बाहर चल रहे बुमराह को भारत ने अंतिम एकादश में रखा था।
इस तेज गेंदबाज का यह वेस्टइंडीज के खिलाफ किंग्सटन में टेस्ट मैच के बाद पहला प्रतिस्पर्धी मैच होता लेकिन उनका इंतजार अब मंगलवार तक बढ़ गया है जब ये दोनों टीमें इंदौर में दूसरा टी20 मैच खेलने के लिये उतरेंगी। कोहली ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करके अपने इरादे जतला दिये थे। भारत लक्ष्य का पीछा करने में हमेशा बेहतर परिणाम हासिल करता रहा है।
उन्होंने टास के समय कहा था कि पिछले मैचों के परिणाम को देखते हुए पहले बल्लेबाजी करना दूसरी प्राथमिकता बन गयी है। कोहली ने कहा कि हमें आगे विश्व कप में खेलना है और इसलिए हम एक प्रारूप पर खास ध्यान दे सकते हैं। भारतीय टीम प्रबंधन ने मनीष पांडे, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल और संजू सैमसन को अंतिम एकादश में नहीं रखा था। श्रीलंका के कप्तान लसिथ मलिंगा ने भी कहा था कि उनकी निगाह विश्व कप पर है जिसके लिये वे अगले दो महीने में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम तैयार कर लेंगे।


Download Android App
Download iOS App



