कप्तान विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में 2-0 की अजय बढ़त बना ली है और अब वह आज होने वाले सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में 3-0 की क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेंगे। भारत ने इस सीरीज का कैनबरा में पहला मैच 11 रन से और सिडनी में दूसरा मैच 6 विकेट से जीता था। भारत ने पहले मुकाबले में अपने 161 रन के स्कोर का बखूबी बचाव किया और दूसरे मैच में 195 रन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर लिया।
तीसरा मैच भी आज सिडनी में ही होने वाला है। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर दूसरी बार 3 मैचों की क्लीन स्वीप करने के इरादे से उतरेगी। बता दें कि भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया में 2015-16 में 3 मैचों की सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप करके जीती थी। दोनों देशों के बीच 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया दौरे में 3 मैचों की पिछली सीरीज 1-1 से बराबर रही थी। भारत टी- 20 में पर लगातार 10 जीत हासिल कर चुका है।
टीम इंडिया ने वेस्ट इंडीज को 3, न्यूजीलैंड को 5 और ऑस्ट्रेलिया को 2 मैच में हराया है। वह टी-20 में अफगानिस्तान के दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करने से एक जीत दूर है। अफगानिस्तान ने 2018-19 में टी-20 में लगातार 12 जीत और 2016-17 में लगातार 11 मैच जीते थे। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम टी-20 क्रिकेट में अबतक 22 बार एक दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें से 13 मैचों में जीत भारत के हाथ लगी है, जबकि 8 मुकाबलों को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया है। इसके साथ ही एक मैच बेनतीजा भी रहा है। यानी भारत की टीम टी-20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया पर हावी रही है।
भारत का संभावित प्लेइंग XI: शिखर धवन, केएल राहुल, विराट कोहली, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, टी नटराजन, दीपक चाहर।
ऑस्ट्रेलिया का संभावित प्लेइंग XI: डार्सी शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, मिचेल स्वैपसन, एंड्रयू टाय, मोइजेस हेनरिक्स, मैथ्यू वेड, सीन एबॉट, एडम जाम्पा, डेनियल सैम्स।


Download Android App
Download iOS App



