लुसाने : एफआईएच ने शुक्रवार को यहां भारत को 2023 पुरूष हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिये चुना जिससे देश लगातार दूसरी बार इस प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। एफआईएच के अनुसार पुरूष हॉकी विश्व कप भारत में 13 से 29 जनवरी तक खेला जायेगा। एफआईएच की साल की अंतिम बैठक शुक्रवार को हुई और इसके कार्यकारी बोर्ड ने यह फैसला किया।
इसी बैठक में फैसला किया गया कि स्पेन और नीदरलैंड एक से 22 जुलाई तक आयोजित होने वाले 2022 महिला विश्व कप के सह मेजबान होंगे। पुरूष और महिला दोनों विश्व कप के स्थलों की घोषणा बाद में मेजबान देशों द्वारा की जायेगी। भारत इस तरह चार पुरूष हॉकी विश्व कप का आयोजन करने वाला पहला देश बन गया। वह इससे पहले 1982 में मुंबई में, 2010 में नई दिल्ली और 2018 में भुवनेश्वर में इस टूर्नामेंट का आयोजन कर चुका है।
नीदरलैंड ने तीन पुरूष हॉकी विश्व कप की मेजबानी की है। भारत 2023 में स्वतंत्रता के 75 साल पूरे करेगा इसलिये हॉकी इंडिया इस मौके पर देश में इस खेल के विकास को दर्शाने के लिये विश्व कप की मेजबानी करना चाहता था। पुरूष विश्व कप के अगले चरण की मेजबानी के लिये भारत सहित तीन देशों (बेल्जियम और मलेशिया अन्य दो देश) ने दावेदारी पेश की थी।
महिला विश्व कप के लिये पांच देशों- जर्मनी, स्पेन, नीदरलैंड, मलेशिया और न्यूजीलैंड – ने बोली लगायी थी। 2023 विश्व कप का प्रारूप पिछले चरण की तरह ही होगा। एफआईएच के मुख्य कार्यकारी अधिकारी थिएरी वेल ने कहा कि खेल के विकास के अलावा टूर्नामेंट से मिलने वाले फायदे को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि एफआईएच को इन प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिये शानदार बोली प्राप्त हुई। फैसला करना मुश्किल था।


Download Android App
Download iOS App



